एक प्रेम कविता – हूबनाथ पाण्डेय

225
एक प्रेम कविता

शादी में लिया कर्ज़ चुकाने
फागुन में शहर आया
लाॅक डाउन की माया
मिलते ही
रोज़गार गंवाया
भूख से बचने
बैग उठाया और चल दिया
पंद्रह सौ किलोमीटर पैदल
कभी किसी ट्रक के पीछे
कभी टैंपो के ऊपर
कभी किसी पेड़ के नीचे
तो कभी ढाबे के पीछे
मां को मिलती रही ख़बर
पल पल की
समझदार बहू से
आख़िरी फ़ोन किसी
नेशनल हाइवे से आया था
जिसके बाद
कर्ज़ चुकाए बिना
जान गंवाया था
पता नहीं किस गाड़ी ने
उसे अंधेरे में उड़ा दिया
हालांकि वह उड़कर
पहुंचना चाहता था घर
आख़िरी फ़ोन में उसने
बताया था कि बड़ी ज़ोरों
की लगी है प्यास
बहू और सास ने बेंच दी
पुश्तैनी ज़मीन
चुकाया कर्ज़
और गांव से गुज़रते
हाईवे पर बसाई
झोंपड़ी एक
सूरज से पहले आती हैं
सूरज के बाद जाती हैं
मिट्टी की बड़ी सी नाद में
कुएं का साफ़ ठंडा पानी
और चंगेरी भर गुड़ लिए
आते जाते लोगों से पूछतीं
तुम्हें प्यास तो नहीं लगी है
गांव कहता है कि दोनों
पगला गई हैं
क्योंकि दोनों दिनभर
नहीं पीतीं हैं
पानी का एक घूंट भी
आख़िर आप ही बताओ
ऐसे कोई कब तक जिएगा
गांव को क्या पता
उस दिन नेशनल हाइवे पर
एक नहीं तीन मौतें हुई थीं
जिनमें दो लाशें
अब तक नहीं मिलीं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here