विदूषक ( कविता ) – हूबनाथ पाण्डेय

265
विदूषक
प्रतीकात्मक चित्र

सने अभिनय किया भूख का
तमाशाइयों की ऐंठ गईं
अँतड़ियाँ भीतर तक
बच्चे बिलबिलाकर
मर गए

उसने अभिनय किया
शौर्य का
नौजवान लाशें
ताबूतों में भर भर
रवाना हुईं

वह खेतों में गया
किसान श्मशान में
फ़सलें डूबकर मर गईं
सूखी फटी दरारों में

उसने जैसे ही कहा
सत्यमेव जयते
सत्य के वस्त्र गल गलकर
गिर पड़े ज़मीन पर

कैसा चमत्कार है
नक़्शे को जोड़ने के लिए
पहले उसके चीथड़े करता
फिर बटोरता है

बावजूद
बेहतरीन अभिनय के
उसकी वहशत
दहशत बनकर छा जाती है

विदूषक
हँसाने के लिए आया था
लोग मर रहे हैं
हँसते हँसते. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here